अधिवक्ताओं की मौत पर कांग्रेसियों और वकीलों ने जताया शोक, मुआवजे की मांग
शेयर
संतकबीरनगर। गोरखपुर के राजघाट में राप्ती नदी किनारे छज्जा गिरने की घटना में अधिवक्ता आलोक अस्थाना और संजय सिंह की मौत के बाद संतकबीरनगर में कांग्रेसियों और अधिवक्ताओं ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर आयोजित सभा में दिवंगत अधिवक्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया। गोरखपुर में हुई घटना को लेकर संतकबीरनगर में कांग्रेसियों और अधिवक्ताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद पांडेय ने कहा कि अधिवक्ता समाज संविधान और न्याय व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, ऐसे में दो अधिवक्ताओं की मौत बेहद गंभीर मामला है।
कांग्रेस नेताओं ने घटना के कारणों की जांच कराने के साथ संबंधित निर्माण कार्यदायी संस्था, अधिकारियों और ठेकेदार की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई। साथ ही दोनों मृतक अधिवक्ताओं के परिवारों को पांच-पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई।
सभा में नेताओं ने कहा कि यदि मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस अधिवक्ता समाज के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।