खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

अधिवक्ताओं को पांच लाख तक कैशलेस इलाज की घोषणा से खुशी, बार एसोसिएशन ने जताया आभार

शेयर

संतकबीरनगर। प्रदेश के अधिवक्ताओं के लिए पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा की घोषणा किए जाने पर जनपद बार एसोसिएशन संतकबीरनगर ने खुशी जताई है। मंगलवार को जनपद न्यायालय परिसर स्थित चैंबर में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं की बैठक हुई।

बैठक में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 सितंबर को प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं के लिए पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने की घोषणा की है। उन्होंने इसे अधिवक्ताओं के हित से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सरकार के प्रति आभार जताया। साथ ही मांग की कि घोषणा को जल्द लागू किया जाए।

अध्यक्ष ने बताया कि 11 अगस्त को मुख्यमंत्री के संतकबीरनगर दौरे के दौरान अधिवक्ताओं की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर पत्र सौंपा गया था। इसमें जनपद न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण, पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा और अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने समेत कई मांगें शामिल थीं।

महामंत्री राम अवतार यादव ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा और कल्याण से जुड़ी अन्य मांगों पर भी सरकार की ओर से सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद है। बैठक में अधिवक्ताओं ने कैशलेस इलाज की घोषणा का स्वागत किया।

इस दौरान राजेश कुमार पांडेय, राहुल यादव, आकाश साहनी, मोहम्मद मोबीन, हरिश्चंद्र यादव, सुनील कुमार चौधरी, रणजीत चौधरी, नरेंद्र चौधरी, हेमलता, शांति समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

Trending News