खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

अव्यवस्थित दस्तावेज और गंदगी देखकर डीएम ने जताई नाराजगी, बायोमैट्रिक हाजिरी के दिए निर्देश

शेयर

संतकबीरनगर। जिलाधिकारी अनुज मलिक ने गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान कई अधिकारी, चिकित्सक और कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित चिकित्सकों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका की भी जांच की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया को अस्पताल की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने और सभी चिकित्सकों व चिकित्सकीय कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही अथवा बिना अनुमति अनुपस्थित रहने की स्थिति में संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अभिलेखों और पत्रावलियों के रख-रखाव की स्थिति भी निरीक्षण के दौरान संतोषजनक नहीं मिली। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित पटल सहायकों को सभी जरूरी दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के साथ उन्हें व्यवस्थित तरीके से संधारित करने के निर्देश दिए।

अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर भी डीएम ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने नियमित सफाई कराने और आवश्यकता के अनुसार छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सभी जरूरी दवाएं मरीजों को अस्पताल से ही उपलब्ध होनी चाहिए। मरीजों को बाहर से दवाएं लिखे जाने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी शुरू होने और समाप्त होने के समय बायोमैट्रिक हाजिरी दर्ज करने को कहा।

डीएम ने अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता और दवाओं की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए, ताकि उन्हें किसी तरह की अनावश्यक परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया के अलावा चिकित्सक, अस्पताल कर्मचारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Trending News