खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
आज का समाचार -ख़लीलाबाद

आईजीआरएस रैंकिंग में संतकबीरनगर फिर बना नंबर-1, लगातार 13वीं बार प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान

शेयर

संतकबीरनगर। जनशिकायतों के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के क्षेत्र में संतकबीरनगर ने एक बार फिर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जून 2026 की आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) मासिक रैंकिंग में जनपद को उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। खास बात यह है कि जिले ने लगातार 13वीं बार प्रदेश में शीर्ष स्थान बनाए रखा है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष, संवेदनशील और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस विभाग के अनुसार, आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर करते हैं। जांच रिपोर्ट का वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा परीक्षण किया जाता है। यदि किसी शिकायत की जांच संतोषजनक नहीं पाई जाती है, तो उसे दोबारा जांच के लिए संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देशों के साथ वापस भेजा जाता है, ताकि शिकायत का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित हो सके।

जून 2026 की रैंकिंग में जिले के 10 पुलिस थानों में से 8 थानों ने अपने-अपने वर्ग में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। हालांकि थाना धर्मसिंहवा और साइबर क्राइम थाना इस सूची में स्थान नहीं बना सके।

इस उपलब्धि को पुलिस विभाग ने टीमवर्क, नियमित निगरानी और शिकायतों के प्रति जवाबदेही का परिणाम बताया है।

Trending News