खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

ई-रिक्शा में झोला काटकर जेवर उड़ाने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार

शेयर

संतकबीरनगर। खलीलाबाद में ई-रिक्शा के भीतर झोला काटकर जेवर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की पीली धातु की चेन, नकदी, मोबाइल फोन, कटर सहित अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की अंजली पत्नी शालू सिसोदिया और नगमा पत्नी विक्की सिसोदिया के रूप में हुई है। दोनों की गिरफ्तारी बुधवार को कबीर मठ जाने वाली सड़क पर हाईवे रोड स्थित काले गेट के पास से की गई।

सर्राफ की दुकान से करती थीं पीछा

पुलिस के मुताबिक 20 सितंबर को गोला बाजार स्थित एक सर्राफ की दुकान से चेन बनवाकर निकली महिला ई-रिक्शा से घर जा रही थी। रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास के पास दोनों आरोपी भी उसी ई-रिक्शा में सवार हो गईं। आरोप है कि मौका मिलते ही उन्होंने कटर से महिला का प्लास्टिक का झोला काट दिया और उसमें रखी सोने की चेन व 500 रुपये निकाल लिए। इसके बाद दोनों ई-रिक्शा से उतरकर फरार हो गईं।

गोरखपुर से बस्ती तक नजर

पूछताछ में पुलिस को आरोपियों ने बताया कि वे गोरखपुर, खलीलाबाद और बस्ती क्षेत्र के बाजारों में सर्राफ की दुकानों के आसपास घूमती थीं। जेवर खरीदकर निकलने वाली महिलाओं को चिन्हित करने के बाद उनका पीछा करती थीं। मौका मिलते ही ई-रिक्शा या टेंपो में साथ बैठकर कटर की मदद से झोला या पर्स काटकर सामान निकाल लेती थीं।

मुकदमे में बढ़ाई गई धाराएं

इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा संख्या 893/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में केस दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है।

बरामद सामान: पीली धातु की चेन, 500 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, कटर, दो पर्स/बटुए और काले रंग का कपड़े का बैग।

Trending News