खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
आज का समाचार -ख़लीलाबाद

ई-रिक्शा से छेड़छाड़ की शिकायतों पर परिवहन विभाग सतर्क, जांच शुरू

शेयर

संतकबीरनगर। जनपद में ई-रिक्शा चालकों और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने तकनीकी छेड़छाड़ की शिकायतों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन संचालन में किसी भी प्रकार का अनधिकृत हस्तक्षेप सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग के अनुसार, शिकायतें मिली हैं कि कुछ लोग कथित रूप से मोबाइल एप के माध्यम से ई-रिक्शा की तकनीकी प्रणाली में हस्तक्षेप करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे वाहन के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने और सड़क दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रियंवदा सिंह ने बताया कि आधुनिक ई-रिक्शा बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (बीएमएस) तकनीक से लैस होते हैं, जो बैटरी की निगरानी और संचालन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यदि इस प्रणाली में अनधिकृत रूप से छेड़छाड़ की जाती है, तो वाहन की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है। मामले की तकनीकी और साइबर स्तर पर जांच कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि कुछ लोगों द्वारा शरारत या मनोरंजन के उद्देश्य से ऐसी गतिविधियां किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं, जिन्हें विभाग गंभीरता से ले रहा है। किसी भी वाहन के सुरक्षित संचालन में बाधा पहुंचाना यात्रियों और चालकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है।

एआरटीओ ने चेतावनी दी कि जांच में यदि कोई व्यक्ति ई-रिक्शा के संचालन में बाधा पहुंचाने, चालकों को परेशान करने या तकनीकी दुरुपयोग में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की जा सकती है।

Trending News