खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

कलेक्ट्रेट पर किसानों का प्रदर्शन, मांगों को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

शेयर

खलीलाबाद न्यूज़। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों एवं किसानों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

किसानों ने किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 12 हजार रुपये वार्षिक करने, कृषि कार्य के लिए मुफ्त बिजली कनेक्शन और बिजली उपलब्ध कराने तथा फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने की मांग रखी। इसके साथ ही परिवार के तीन सदस्यों तक आयुष्मान कार्ड की सुविधा देने और बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाने की मांग की गई।

भारतीय किसान संघ ने फार्मर आईडी बनने तक आधार कार्ड के आधार पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा किसान की सहमति से ही फसल बीमा किए जाने की मांग भी उठाई। किसानों ने मेहदावल में मंडी समिति की स्थापना, कुरमौल में चकबंदी का कार्य जल्द पूरा कराने और सरयू बांध क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों को दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ाने की मांग की।

इसके अलावा जालान पुलिस चौकी की स्थापना, खतौनी में आधार के आधार पर नामांतरण, पंचायत मित्र के माध्यम से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने और खेत से मिट्टी निकालने के मामलों में अनावश्यक सरकारी हस्तक्षेप रोकने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

किसानों ने अस्पतालों में कुत्ता काटने और सर्पदंश से बचाव के इंजेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित करने, दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहन देने, नकली दूध की बिक्री पर रोक लगाने तथा कृषि मेलों और गोष्ठियों का समय से प्रचार-प्रसार कराने की मांग की।

प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह समेत संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने विभिन्न नारों के साथ अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री दिनेश चंद्र राय ने किया। उन्होंने कहा कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर संगठन आगे व्यापक आंदोलन करेगा।

Trending News