खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

कस्तूरबा विद्यालय खजुरी में 86 में सिर्फ 37 छात्राएं मिलीं उपस्थित, एक शिक्षिका भी गायब

शेयर

संतकबीरनगर। सांथा विकासखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय खजुरी में गुरुवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार के निरीक्षण में छात्राओं की कम उपस्थिति और शिक्षिका की गैरहाजिरी का मामला सामने आया। विद्यालय में दर्ज 86 छात्राओं में केवल 37 छात्राएं ही उपस्थित मिलीं। वहीं तीन पूर्णकालिक शिक्षिकाओं में से एक अनुपस्थित पाई गई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से पढ़ाई और विद्यालय में होने वाले शिक्षण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को नियमित पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। जांच में यह भी सामने आया कि विद्यालय में अंग्रेजी विषय पढ़ाने के लिए कोई शिक्षक उपलब्ध नहीं है। डीएम ने इस मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विद्यालय के शौचालय और भवन की स्थिति भी निरीक्षण के दौरान संतोषजनक नहीं मिली। डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को टीम गठित कर भवन की जांच कराने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही करीब दो वर्ष पहले भवन की मरम्मत के लिए मिली धनराशि के उपयोग की भी जांच कराने को कहा।

उपस्थिति पंजिका की जांच में जुलाई में हुए पिछले निरीक्षण से संबंधित कोई टिप्पणी दर्ज नहीं मिली। इस पर डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

विद्यालय के पास निर्माणाधीन उच्चीकृत विद्यालय के कार्य को भी डीएम ने देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और समय से काम पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ओएसडी राकेश कुमार, कृष्णा गुप्ता समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Trending News