खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
आज का समाचार -ख़लीलाबाद
☘ ⋮

कुआनो नदी में नहाते समय हुआ हादसा, 21 वर्षीय युवक की मौत

शेयर

संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में कुआनो नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना प्रजापतिपुर गांव के पास स्थित मुखलिसपुर पुल के निकट की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने युवक की तलाश कर उसे नदी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृत युवक की पहचान बस्ती जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बहोरिया कला गांव निवासी 21 वर्षीय सत्येंद्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह धनघटा क्षेत्र में किसी कार्य से आया था। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि वह अपने रिश्तेदारों के यहां प्रजापतिपुर आया था और उनके साथ नदी में स्नान करने गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्नान के दौरान सत्येंद्र अचानक गहरे पानी में पहुंच गया। तैरना न आने और नदी में अधिक गहराई होने के कारण वह डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना पर पहुंची धनघटा पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद युवक को नदी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Trending News