खलीलाबाद औद्योगिक क्षेत्र में बनेगी हाईटेक पुलिस चौकी, यूपीसीडा ने आवंटित की जमीन
शेयर
संतकबीरनगर के खलीलाबाद औद्योगिक क्षेत्र में हाईटेक पुलिस चौकी भवन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। यूपीसीडा द्वारा चौकी निर्माण के लिए 450 वर्ग मीटर भूमि चिन्हित कर आवंटित कर दी गई है। इससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही पुलिस कर्मियों को स्थायी कार्यस्थल उपलब्ध होगा।
जानकारी के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से स्थायी पुलिस चौकी भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। पहले चौकी एक बंद फैक्ट्री के जर्जर भवन में संचालित होती थी, जबकि वर्तमान में फायर स्टेशन के एक कमरे से काम चलाया जा रहा है। इससे पुलिस कर्मियों को विभिन्न प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
उद्यमियों की सुरक्षा और औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए उद्योग संगठनों द्वारा लगातार मांग उठाई जा रही थी। इसी क्रम में यूपीसीडा अधिकारियों के निर्देश पर सड़क संख्या-23 स्थित पार्क क्षेत्र में भूमि चिन्हित की गई है। पुलिस विभाग की ओर से भवन निर्माण के लिए आवश्यक डिजाइन और मानक भी उपलब्ध करा दिए गए हैं।
उद्योग प्रतिनिधियों का मानना है कि नई पुलिस चौकी बनने से निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी और औद्योगिक गतिविधियों को और गति मिलेगी।