खलीलाबाद न्यूज़-कार के ऊपर गिरा पेड़ तो मचा हड़कंप, दुधारा के छपिया छितौना में बाल-बाल बचा पूरा परिवार
शेयर
खलीलाबाद न्यूज़। दुधारा थाना क्षेत्र के छपिया छितौना गांव में शनिवार शाम तेज हवा और बारिश के बीच उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशालकाय नीम का पेड़ अचानक कार के ऊपर जा गिरा। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि कार में सवार परिवार के सभी सदस्य कुछ सेकेंड पहले ही वाहन से उतरकर घर के अंदर जा चुके थे।
बताया जा रहा है कि छपिया छितौना निवासी फिरोज अख्तर शनिवार को अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बस्ती से कार से घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने कार खड़ी की और परिवार के साथ अंदर चले गए। परिवार के घर में पहुंचते ही अचानक विशालकाय नीम का पेड़ भरभराकर कार पर जा गिरा।
पेड़ गिरने की जोरदार आवाज से आसपास के लोग सहम गए। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो कार पेड़ के नीचे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली। हालांकि कार में उस समय कोई मौजूद नहीं था, जिससे परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।
लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच हुए इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने सड़क और आबादी के आसपास मौजूद सूखे व जर्जर पेड़ों को चिन्हित कर समय रहते जरूरी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।