खलीलाबाद न्यूज़ -सीसीटीएनएस की अगस्त रैंकिंग में संतकबीरनगर पुलिस प्रदेश में नंबर-1
शेयर
खलीलाबाद न्यूज़। पुलिसिंग में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट रखने के मामले में संतकबीरनगर पुलिस ने प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अगस्त 2026 की सीसीटीएनएस प्रगति डैशबोर्ड रैंकिंग में जिले को पहला स्थान मिला है। खास बात यह रही कि पुलिस ने मूल्यांकन के सभी 16 मानकों पर 100 प्रतिशत अंक हासिल किए।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि यह सफलता अपर पुलिस अधीक्षक एवं सीसीटीएनएस नोडल अधिकारी सुशील कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में टीम के सामूहिक प्रयास से मिली है। प्रभारी सीसीटीएनएस प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय, सभी थाना प्रभारियों और सीसीटीएनएस टीम ने निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया।
किन मानकों पर हुआ मूल्यांकन?
प्रदेश स्तरीय रैंकिंग के लिए सीसीटीएनएस से जुड़े विभिन्न तकनीकी और कार्यप्रणाली संबंधी बिंदुओं को आधार बनाया गया। इनमें डेटा सिंक, शिकायत एवं सत्यापन का निस्तारण, गिरफ्तार और गुमशुदा लोगों के फोटो की फीडिंग, आईआईएफ फॉर्म की एंट्री, एफआईआर ट्रांसफर तथा आईसीजेएस और क्राइम एनालिटिक्स पोर्टल का इस्तेमाल शामिल रहा।
इसके अलावा ऑनलाइन प्रशिक्षण, पब्लिक ग्रीवांस रिव्यू पोर्टल और नाफिस के उपयोग समेत कुल 16 मानकों पर जिले के प्रदर्शन का आकलन किया गया।
एनसीआरबी तक पहुंचता है डाटा
सीसीटीएनएस के तहत होने वाले कार्यों का डाटा प्रत्येक माह राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) को भेजा जाता है। इसकी निगरानी केंद्रीय स्तर पर भी की जाती है। इसी प्रक्रिया के तहत उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर तकनीकी सेवाएं मुख्यालय, उत्तर प्रदेश द्वारा मासिक रैंकिंग जारी की जाती है।
एसपी ने कहा कि सभी मानकों पर शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करना पुलिस टीम की तकनीकी दक्षता, बेहतर कार्यप्रणाली और आपसी समन्वय को दर्शाता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सीसीटीएनएस से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और तकनीकी दक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।