गणेश विसर्जन जुलूस में हंगामा, सांसद की गाड़ी पर हमला
शेयर
बखिरा। बखिरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे वाहन को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। अमरडोभा चौराहे पर जुलूस में शामिल लोगों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि बखिरा कस्बे से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकला था, जो अमरडोभा होते हुए ढोढया नहर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस द्वारा डीजे वाहन की फोटो लिए जाने और उसे थाने ले जाने की बात सामने आने पर जुलूस में शामिल लोगों में नाराजगी फैल गई।
विरोध के दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी भी चौराहे से गुजर रही थी। भीड़ ने गाड़ी को घेर लिया और कथित तौर पर उस पर हमला कर दिया। इस दौरान वाहन का शीशा टूट गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने सांसद को सुरक्षित बाहर निकालकर वहां से हटाया।
घटना के बाद सांसद की गाड़ी में मौजूद लोगों ने भी सड़क पर बैठकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह और अपर जिलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।