खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

गैस सिलेंडर लेकर घर लौट रहे सफाईकर्मी पर गिरा पेड़, मौके पर मौत

शेयर

खलीलाबाद न्यूज़। तेज बारिश और हवाओं के बीच शनिवार सुबह दुधारा थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। पैड़ी-हनुमानगंज मार्ग पर पिडवा गांव के सामने बाइक से घर लौट रहे 45 वर्षीय सफाईकर्मी के ऊपर अचानक विशालकाय पेड़ गिर गया। हादसे में उनकी जान चली गई।

मृतक की पहचान बस्ती जिले के रुधौली थाना क्षेत्र के बांसखोर गांव निवासी गनीराम पुत्र सुखदेव के रूप में हुई है। गनीराम साऊंघाट ब्लॉक के सेमरा गांव में सफाईकर्मी के पद पर तैनात थे।

बताया गया कि शनिवार सुबह गनीराम घर से रसोई गैस सिलेंडर रिफिल कराने के लिए करही स्थित इंडेन गैस एजेंसी गए थे। सिलेंडर लेकर बाइक से वापस लौटते समय पिडवा गांव के पास मुख्य मार्ग पर अचानक एक बड़ा पेड़ उनकी बाइक के ऊपर आ गिरा। पेड़ की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही दुधारा थानाध्यक्ष अमित कुमार कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से गनीराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर खलीलाबाद तहसीलदार अनुराग यादव भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गनीराम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वह पत्नी निशा देवी, तीन पुत्रियों और दो पुत्रों को पीछे छोड़ गए हैं। इनमें एक पुत्र और एक पुत्री का विवाह हो चुका है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Trending News