खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

जाति प्रमाण पत्र को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे तरैहा समाज के लोग, बैठक न होने पर जताई नाराजगी

शेयर

संतकबीरनगर। तुरहा-तरैहा समाज से जुड़े लोगों ने अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर विरोध जताया। बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उनके जाति प्रमाण पत्रों से जुड़े मामलों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। लोगों ने सत्यापन समिति की बैठक जल्द बुलाकर मामले का समाधान कराने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों के अनुसार, जाति प्रमाण पत्र सत्यापन समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रस्तावित थी। बैठक में तुरहा-तरैहा समाज के जाति प्रमाण पत्रों से संबंधित मामलों पर चर्चा कर निर्णय लिया जाना था। इसी उम्मीद में बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे थे, लेकिन बैठक नहीं हो सकी।

लोगों का कहना है कि जिला समाज कल्याण अधिकारी की ओर से जारी पत्र में भूरा गांव निवासी जवाहरलाल पुत्र बुद्धू प्रसाद के जाति प्रमाण पत्र से संबंधित शिकायत पर सुनवाई के लिए 22 सितंबर को समिति की बैठक निर्धारित की गई थी। संबंधित पक्षों को अपने अभिलेख और अन्य साक्ष्य लेकर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे।

कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों को जानकारी मिली कि जिलाधिकारी आलोक कुमार धनघटा में उपमुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों में व्यस्त हैं। इसके चलते उनकी मुलाकात नहीं हो सकी।

बैठक नहीं होने से नाराज लोगों ने अपर उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट सुधीर कुमार को ज्ञापन सौंपा। इसमें जाति प्रमाण पत्र सत्यापन समिति की बैठक जल्द आयोजित कराने और प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों का नियमानुसार निस्तारण कराने की मांग की गई।

प्रदर्शन में प्रदीप, सतीश कुमार, बलिकरन, इंद्रजीत सहित बड़ी संख्या में तुरहा-तरैहा समाज के लोग मौजूद रहे।

Trending News