डीएम-एसपी ने शिक्षक पात्रता परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
शेयर
संतकबीरनगर। शिक्षक पात्रता परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया और परीक्षा संचालन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, अभ्यर्थियों के लिए सुचारु प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने देने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सीसीटीवी कंट्रोल रूम, जनपदीय कंट्रोल रूम और डायल-112 को भी पूरी तरह सक्रिय एवं सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए गए हैं।