तूफान-बारिश से फसलों को नुकसान, सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग
शेयर
संतकबीरनगर। जिले में हाल में हुई तेज बारिश और हवाओं से फसलों व ग्रामीण क्षेत्रों में हुए नुकसान को लेकर जिला पंचायत सदस्य एवं जिला योजना समिति सदस्य मास्टर राम सुरेश चौरसिया ने जिलाधिकारी अनुज मलिक को पत्र सौंपा। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सर्वे कराकर किसानों और गरीब परिवारों को राहत एवं क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की।
उन्होंने पत्र में बताया कि लगातार बारिश, तेज हवाओं और जलभराव के कारण धान, गन्ना, केला समेत कई फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं कुछ सीमांत किसानों, मजदूरों और गरीब परिवारों के मकान व दुकानों को भी क्षति होने की बात कही गई है।
जिला पंचायत सदस्य ने वार्ड संख्या 18 खलीलाबाद सहित जिले के अन्य प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक सर्वे कराने की मांग की। उन्होंने फसल बीमा का लाभ दिलाने, क्षतिग्रस्त फसलों का मुआवजा देने और किसानों के फसल ऋण की वसूली अगली रबी की फसल तक ब्याज रहित स्थगित करने का अनुरोध किया। साथ ही प्रभावित किसानों, मजदूरों और गरीब परिवारों को आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की मांग रखी।