नवजात की हत्या के आरोप में वांछित आरोपी गिरफ्तार
शेयर
संतकबीरनगर। दुधारा थाना क्षेत्र में नवजात की गला दबाकर हत्या किए जाने के आरोप के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रामअवध पुत्र इसरी निवासी डिघवा, थाना दुधारा, जनपद संतकबीरनगर के रूप में हुई है। उसे रविवार को डिघवा से मठिया जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2026 को पीड़िता ने थाना दुधारा में प्रार्थना पत्र देकर रामअवध पर अपने नवजात की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 408/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 352, 351(3) और 333 के तहत अभियोग पंजीकृत किया।
मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में दुधारा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा, उपनिरीक्षक प्रमोद सिंह, कांस्टेबल रंजन कुमार, कांस्टेबल आदर्श श्रीवास्तव और महिला कांस्टेबल एकता सिंह शामिल रहीं। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होनी है।