नवागत डीएम अनुज मलिक ने संभाला कार्यभार, जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण रहेगा फोकस
शेयर
संतकबीरनगर। जिले की नई जिलाधिकारी के रूप में आईएएस अधिकारी अनुज मलिक ने बुधवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार पहुंचकर डबल लॉक में रखे आवश्यक अभिलेखों पर हस्ताक्षर किए और आधिकारिक रूप से जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी और वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल मौजूद रहे।
कार्यभार संभालने के बाद जिलाधिकारी अनुज मलिक ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में उन्होंने जिले के प्रशासनिक कामकाज और सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली।
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचना चाहिए। उन्होंने आमजन से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान कराया जाए। सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ ही अधिकारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
अनुज मलिक 2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी और कुशीनगर की मुख्य विकास अधिकारी समेत विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ काम करते हुए शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने संकेत दिया कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन उनके कार्यकाल की प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेगा।