खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

पीएम स्वनिधि में ऋण आवेदन बढ़ाने और आवास योजनाओं में तेजी के दिए निर्देश

शेयर

डूडा की योजनाओं पर डीएम की नजर, आवास से लेकर पीएम स्वनिधि तक प्रगति तेज करने के निर्देश

संतकबीरनगर। जिलाधिकारी अनुज मलिक ने कलेक्ट्रेट में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों से योजनाओं की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) सत्य प्रकाश भी मौजूद रहे।

बैठक में पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को लक्ष्य के अनुसार अधिक से अधिक पात्र लोगों के ऋण आवेदन कराने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपकर आवेदकों को बैंक स्तर की प्रक्रिया में सहयोग उपलब्ध कराने को कहा गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 की समीक्षा करते हुए डीएम ने जांच कमेटियों के पास लंबित आवेदनों की पात्रता जांच जल्द पूरी कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जांच के बाद रिपोर्ट डूडा कार्यालय को समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि पात्र आवेदकों को योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

वहीं मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को जारी कार्यादेश के मुताबिक निर्धारित समयसीमा में निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में परियोजना अधिकारी डूडा सुधीर कुमार, शहर कार्यक्रम प्रबंधक ज्ञानेन्द्र शुक्ला सहित नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Trending News