पूर्व प्रधान और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के परिवार के नाम मतदाता सूची से गायब, एसडीएम से शिकायत
शेयर
संतकबीरनगर के बेलहर कला क्षेत्र की ग्राम पंचायत कंधरापार के पकरडीहा गांव में मतदाता सूची से कई लोगों के नाम गायब होने का मामला सामने आया है। पूर्व ग्राम प्रधान विजय प्रकाश ने आरोप लगाया है कि उनका और उनके परिवार के करीब सात सदस्यों का नाम अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची से हटा दिया गया है।
विजय प्रकाश ने बताया कि उनकी पत्नी पूनम रानी, जो पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्य रह चुकी हैं, समेत परिवार के कई सदस्यों के नाम सूची में नहीं हैं। उनका कहना है कि परिवार पिछले करीब 20 वर्षों से गांव में निवास कर रहा है और हर चुनाव में उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज रहे हैं।
पीड़ित ने मेंहदावल एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर नाम दोबारा शामिल कराने और संबंधित बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।