प्रदेश मंत्री बनने के बाद पहली बार संतकबीरनगर पहुंचीं रजनी पांडेय,
शेयर
संतकबीरनगर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री बनने के बाद जिले में पहली बार पहुंचीं रजनी पांडेय का भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। सोनी होटल पर आयोजित कार्यक्रम में श्रीमती डॉ. सोनी सिंह और श्रीनारायण सिंह कौशिक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में रजनी पांडेय ने विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। अयोध्या में श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी विवाद पर उन्होंने कहा कि जो भी घटना हुई है, वह गलत है और इस मामले में पार्टी तथा सरकार अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार आगे भी उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश मंत्री के रूप में मिली नई जिम्मेदारी पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, जिसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख और कार्यकर्ता संगठन की ताकत है तथा इन्हीं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर पार्टी लगातार चुनावों में सफलता हासिल कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे और भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मुरलीधर जायसवाल, भाजपा नेता सतिंदरपाल सिंह जज्जी, खलीलाबाद नगर अध्यक्ष कन्हैया वर्मा, नितिन सिंह, जितेंद्र, भाजपा नेत्री किरण प्रजापति सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।