फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
शेयर
फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
संतकबीरनगर। उमिला क्षेत्र में दो युवकों पर हुई फायरिंग के मामले में खलीलाबाद पुलिस और एसओजी को एक और सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से .32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बताई जा रही अपाचे बाइक, मोबाइल फोन और 400 रुपये भी बरामद किए हैं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रियान्शु उर्फ टायसन दूबे निवासी अरई, थाना मुंडेरवा, बस्ती और शिवानन्द यादव उर्फ डब्लू निवासी मोहद्दीनपुर, खलीलाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को डड़वा नहर के पास से गिरफ्तार किया।
मामला 21 सितंबर का है। अपूर्वा इंटर कॉलेज, उमिला के पास रमन और हरिओम नामक दो युवकों पर फायरिंग की सूचना पुलिस को मिली थी। घटनास्थल की जांच के दौरान .32 बोर के दो खोखे मिले थे। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने इससे पहले नंदकिशोर उर्फ सोनू शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा था। अब दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने कथित रूप से घटना में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विवाद के बाद दोनों युवकों को रोककर मारपीट की गई और इसी दौरान फायरिंग हुई। पुलिस का कहना है कि गोलीबारी में दोनों युवक बाल-बाल बच गए।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 61(2), 352, 351(3), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 की बढ़ोतरी की गई है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में हुई। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसपी ने 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।