खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

बिजली खंभा लगाने को लेकर विवाद, 22 महिलाओं पर शांतिभंग की कार्रवाई

शेयर

संतकबीरनगर। बिजली का खंभा लगाए जाने को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद के बीच बेलहरकला पुलिस ने 22 महिलाओं के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों की महिलाओं के दोबारा एकत्र होने से मौके पर कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जंगल दशहर और ग्राम बेलवा ठकुराई की महिलाएं बिजली का खंभा लगाने के मुद्दे को लेकर पहले भी सड़क जाम करने के उद्देश्य से जुटी थीं। उस समय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया और महिलाओं को वापस भेज दिया था।
शनिवार को इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों की महिलाएं फिर थाना परिसर स्थित प्रशासनिक भवन के सामने पहुंच गईं। वहां महिलाओं के बीच हो-हल्ला होने लगा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम पक्ष की छह और दूसरे पक्ष की 16 महिलाओं समेत कुल 22 महिलाओं के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में की गई। टीम में उपनिरीक्षक लालजी पासवान, कांस्टेबल संतोष चौहान, कांस्टेबल ओमप्रकाश चौरसिया तथा महिला कांस्टेबल ऋचा शुक्ला, कोमल देवी, श्रद्धा द्विवेदी और आकांक्षा सिंह शामिल रहीं।

Trending News