खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

बुलेट बाइक से हो रही थी गांजे की सप्लाई, 3,500 रुपये नकद भी बरामद; आरोपी पर पहले से 18 मुकदमे दर्ज

शेयर

संतकबीरनगर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने 21 किलो 400 ग्राम अवैध गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से गांजे के अलावा बुलेट मोटरसाइकिल और 3,500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक 26 सितंबर की रात करीब 12:04 बजे ग्राम नौहट के पूरब स्थित आम की बगिया के पास सुनसान रास्ते पर टीम ने घेराबंदी की थी। इसी दौरान गांजे की खेप लेकर जा रहे आरोपी को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के सिवान जिले के असांव थाना क्षेत्र स्थित छित्तनपुर गांव निवासी चन्द्रभूषण सिंह पुत्र जितेन्द्र सिंह के रूप में हुई है।

क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राज शेखर पाण्डेय के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बुलेट बाइक सिवान के एक व्यक्ति से खरीदी थी और इसी वाहन से गांजे की सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार बरामद गांजा बोरे में भरकर लखनऊ ले जाया जा रहा था। आरोपी के बारे में यह भी जानकारी मिली कि वह पहले भी इसी रास्ते से गांजा लेकर कई बार आ-जा चुका है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली खलीलाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ बलिया, देवरिया और गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं।

Trending News