भामाशाह जयंती पर मनाया गया ‘व्यापारी कल्याण दिवस’, उत्कृष्ट करदाताओं का हुआ सम्मान
शेयर
संतकबीरनगर। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आलोक कुमार ने की, जबकि मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी एवं धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पित करने एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने भामाशाह के त्याग, राष्ट्रसेवा और उदारता को स्मरण करते हुए उनके जीवन को समाज और व्यापारियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम में व्यापारियों के हित, कर व्यवस्था में सुधार, जीएसटी प्रक्रियाओं के सरलीकरण, व्यापारी सुरक्षा योजनाओं तथा स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विचार साझा किए गए। साथ ही व्यापारियों से डिजिटल एवं पारदर्शी कर व्यवस्था का लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
राज्य कर विभाग की ओर से उत्कृष्ट करदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) उत्पादों की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे।
समापन अवसर पर अधिकारियों ने करदाताओं की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए व्यापारियों के सहयोग और सहभागिता की सराहना की।