खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

मगहर कताई मिल को टेक्सटाइल पार्क बनाने की कवायद तेज, 18 एकड़ अतिरिक्त जमीन की तलाश

शेयर

संतकबीरनगर। मगहर की कताई मिल परिसर को टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क के रूप में विकसित करने की योजना को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। शनिवार को जिलाधिकारी अनुज मलिक ने कताई मिल परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित योजना की स्थिति देखी और अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।

टेक्सटाइल पार्क के लिए फिलहाल 38 एकड़ जमीन उपलब्ध बताई गई है, जबकि परियोजना के लिए करीब 18 एकड़ अतिरिक्त भूमि की जरूरत है। इसी को लेकर डीएम ने आसपास की जमीन का जायजा लिया और उसकी उपलब्धता तथा परियोजना के लिहाज से उपयुक्तता की जानकारी जुटाई।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी खलीलाबाद समेत संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित भूमि के संबंध में आवश्यक रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जमीन की स्थिति, उपलब्धता और अन्य जरूरी पहलुओं की जानकारी समयबद्ध तरीके से जुटाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्थानीय किसानों से भी बातचीत की। उन्होंने अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता को लेकर किसानों की राय और फीडबैक जाना। प्रशासन की ओर से टेक्सटाइल पार्क से जुड़ी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रकाश, एसडीएम खलीलाबाद हृदयराम तिवारी, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा, वस्त्र निरीक्षक, उद्यमी मित्र समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Trending News