खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

मगहर में सपा का बूथ सम्मेलन, 2027 की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं ने कसी कमर

शेयर

संतकबीरनगर। खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के मगहर नगर पंचायत स्थित ईडेन मैरिज हॉल में समाजवादी पार्टी की ओर से बूथ, सेक्टर और जोन प्रभारियों की बैठक एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी आलोक यादव उर्फ सोनू यादव ने किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा हुई।
बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने और अधिक से अधिक लोगों से संपर्क स्थापित करने पर जोर दिया गया। सपा नेता रोहित पांडे के संदेश को भी कार्यकर्ताओं के बीच रखा गया। कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाने की अपील की गई।
आलोक यादव उर्फ सोनू यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही संगठन की मजबूती का आधार है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए। उन्होंने कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर सवाल भी उठाए।
आलोक यादव ने सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद के वाहन पर हुए हमले का उल्लेख करते हुए स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में सांसद के वाहन पर हमला होने के बावजूद उन्हें ही आरोपी बनाया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ अन्याय के मामलों में जवाबदेही तय की जाएगी।
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि राहुल यादव बादल ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ता बूथ स्तर तक तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी सक्रियता से निभानी होगी।
बैठक के दौरान बूथ, सेक्टर और जोन प्रभारियों ने मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर रोहित पांडे, आलोक यादव उर्फ सोनू यादव, राहुल यादव बादल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Trending News