खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति की मांग को लेकर संतकबीरनगर में गूंजी हुंकार

शेयर

संतकबीरनगर। खलीलाबाद में शनिवार को विश्व हिंदू महासंघ की ओर से राष्ट्रसंत महंत अवैद्यनाथ की पुण्यतिथि पर विशाल शोभायात्रा और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति की मांग को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।

संतकबीरनगर के खलीलाबाद में शनिवार को विश्व हिंदू महासंघ के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। महंत अवैद्यनाथ की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा जूनियर हाई स्कूल परिसर से शुरू हुई, जो गोला बाजार और मेहदावल बाईपास होते हुए समय माता मंदिर पहुंची।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की है बारी’, ‘जय जय श्रीराम’ और ‘जय जय श्री राधे कृष्ण’ के जयघोष किए। संगठन की ओर से कार्यक्रम को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति की मांग से जोड़ते हुए जनजागरण का संदेश दिया गया।

समय माता मंदिर में शोभायात्रा के समापन के बाद पंचमुखी हनुमान मंदिर में महंत अवैद्यनाथ की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि और हवन कार्यक्रम हुआ। पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों और हिंदू समाज के लिए किए गए कार्यों को याद किया।

कार्यक्रम में विश्व हिंदू महासंघ के विभिन्न प्रकोष्ठों, ब्लॉक और तहसील स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए। जिला अध्यक्ष दिनेश चतुर्वेदी ने शोभायात्रा का नेतृत्व किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सोनू गुप्ता ने किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल नजर आया।

Trending News