महिमा पाण्डेय ने एक दिन संभाली खलीलाबाद कोतवाली की कमान
शेयर
संतकबीरनगर। बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने पहल करते हुए कक्षा 12 की छात्रा महिमा पाण्डेय को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया। कुड़ी लाल रुंगटा सरस्वती विद्या मंदिर, खलीलाबाद की छात्रा महिमा ने थाना प्रभारी की भूमिका निभाते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली को समझा और फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे के अनुसार, इस दौरान महिमा पाण्डेय ने थाना परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने थाना कार्यालय, जनसुनवाई कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से उनके दायित्वों की जानकारी ली।
इस दौरान महिमा ने थाने पर पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। साथ ही संबंधित पुलिसकर्मियों को समस्याओं का नियमानुसार और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी का अनुभव कराना है। उन्होंने कहा कि बेटियां केवल सुरक्षा की हकदार नहीं हैं, बल्कि उनमें भविष्य में नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने की भी पूरी क्षमता है।
पुलिस की इस पहल से छात्राओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और समाज के प्रति जिम्मेदारी समझने का अवसर मिला। महिमा के लिए यह अनुभव यादगार बनने के साथ ही दूसरी छात्राओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर सकता है।