मिशन शक्ति: कक्षा 8 की छात्रा खुशी चौरसिया बनीं एक दिन की प्रतीकात्मक बीएसए
शेयर
संतकबीरनगर। महिला सशक्तिकरण एवं मिशन शक्ति अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, खलीलाबाद की कक्षा 8 की छात्रा खुशी चौरसिया को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) बनाया गया। यह पहल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह के नेतृत्व में आयोजित की गई।
प्रतीकात्मक बीएसए की जिम्मेदारी संभालने के बाद खुशी चौरसिया ने विभागीय अधिकारियों से उनके कार्यों और प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने वेतन एवं अन्य भुगतान समय से करने, विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और नियमित निरीक्षण के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान अधिकारियों को समय से कार्यालय पहुंचने तथा विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना है।