मुहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, डीजे संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश
शेयर
संतकबीरनगर में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आयोजित बैठक में डीजे संचालकों और संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि भड़काऊ, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गीत बजाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने या नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए पर्व को शांतिपूर्वक मनाने की अपील की।
बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की सलाह भी दी गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया। इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।