वोट चोरी के आरोपों पर संतकबीरनगर में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका
शेयर
संतकबीरनगर। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय से एकत्र होकर खलीलाबाद की पुरानी तहसील गेट के पास पहुंचे, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद पांडेय ने पत्रकारों से बातचीत में मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले ही मतदाता सूची और वोटों से जुड़े कथित अनियमितताओं को लेकर दस्तावेज सार्वजनिक कर चुके हैं। जिलाध्यक्ष ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।
प्रदर्शन के दौरान शांति देवी, सुनील कुमार पांडेय, अरुण पांडेय, दयाशंकर चौधरी, पप्पू चौबे, मोइन अंसारी, रमेश चौधरी, अजय सिंह, फैजान खान, राजीव गोंड, सतीश साहनी, परवेज अख्तर, अतीक सिद्दीकी, ईश्वर चंद्र पांडेय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।