श्रमिक स्वास्थ्य शिविर में 400 कर्मचारियों की हुई जांच, स्थायी ईएसआईसी सुविधा की मांग दोहराई
शेयर
संतकबीरनगर/खलीलाबाद। औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (UPIA) की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित दो दिवसीय श्रमिक स्वास्थ्य शिविर का शनिवार को समापन हो गया। शिविर में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत लगभग 400 कर्मचारियों और श्रमिकों ने स्वास्थ्य जांच कराई। इस दौरान चिकित्सकों ने परामर्श देने के साथ जरूरतमंदों को आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराईं।
शिविर के पहले दिन मुख्य विकास अधिकारी संतकबीरनगर जे.के. तिवारी ने पहुंचकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया था। वहीं, समापन अवसर पर UPIA अध्यक्ष अरविंद पाठक ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
स्वास्थ्य शिविर में जिला चिकित्सालय और कांशीराम आवास शहरी चिकित्सालय की मेडिकल एवं पैरामेडिकल टीम ने श्रमिकों की जांच की। डॉ. सौरव रवि पांडेय समेत चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर आवश्यक सलाह दी। साथ ही श्रमिकों को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।
शिविर में शिव शक्ति फूड प्राइवेट लिमिटेड, जानवी स्पिनर्स, फाई रिफाइनरी, आदित्य एंटरप्राइजेज, महावीर बिस्किट, कपिला पशु आहार समेत कई औद्योगिक प्रतिष्ठानों से जुड़े कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। औद्योगिक क्षेत्र चौकी प्रभारी धर्मनाथ यादव और पुलिसकर्मियों ने भी शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई।
कार्यक्रम में कृष्ण गोपाल पांडेय, संजय पत्र त्रिपाठी, कृपा शंकर पांडेय, आलोक त्रिपाठी, दीनदयाल चौधरी, आशुतोष दुबे और अजय कुमार यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
स्थायी ईएसआईसी सुविधा मिलने तक जारी रहेंगे स्वास्थ्य शिविर
UPIA अध्यक्ष अरविंद पाठक ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिक व्यवस्था की अहम कड़ी हैं। उनके स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर लगातार प्रयास किए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि खलीलाबाद औद्योगिक क्षेत्र में स्थायी ईएसआईसी चिकित्सालय अथवा औषधालय स्थापित किए जाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। जब तक यह सुविधा उपलब्ध नहीं होती, तब तक संगठन की ओर से समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, नियमित जांच और श्रमिक हित से जुड़े अन्य कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। आयोजन के सफल संचालन में सहयोग देने वाली चिकित्सकीय टीम, प्रशासन, औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधन और सभी श्रमिकों के प्रति उन्होंने आभार जताया।