संतकबीरनगर पुलिस लाइन में अत्याधुनिक जिम का शुभारंभ, आईजी संजीव त्यागी ने किया उद्घाटन
शेयर
संतकबीरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन्स संतकबीरनगर में पुलिसकर्मियों की फिटनेस और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किए गए अत्याधुनिक जिम का उद्घाटन सोमवार को संजीव त्यागी ने फीता काटकर किया। इस दौरान संदीप कुमार मीना भी मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद आईजी ने जिम में उपलब्ध आधुनिक व्यायाम उपकरणों का निरीक्षण किया और कहा कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण होती है। ऐसे में शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह जिम पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम करने और बेहतर फिटनेस बनाए रखने में मददगार साबित होगा। साथ ही जिम की साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद आईजी ने पुलिस लाइन परिसर में निर्माणाधीन आधुनिक गेस्ट हाउस और कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि पुलिस विभाग को जल्द आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदमन सिंह, क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जयप्रकाश दूबे, प्रभारी यातायात परमहंस सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।