संपूर्ण समाधान दिवस में 220 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, 28 शिकायतों का तत्काल निस्तारण
शेयर
संतकबीरनगर। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कुल 220 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 28 मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया। मेंहदावल तहसील में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुज मलिक ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना भी मौजूद रहे।
मेंहदावल में सबसे अधिक 118 शिकायतें
मेंहदावल तहसील में विभिन्न विभागों से जुड़ी 118 शिकायतें अधिकारियों के सामने रखी गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से मामलों की जानकारी लेते हुए 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया। छह मामलों में शिकायतकर्ता और संबंधित पक्षों की मौजूदगी में स्थलीय जांच के लिए टीम भेजी गई।
अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजते हुए डीएम ने तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य फरियादियों की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना है, साथ ही शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
भूमि विवाद सहित अन्य मामलों में अधिकारियों को मौके पर जाकर दोनों पक्षों की बात सुनने और निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
पुलिस से संबंधित शिकायतों की सुनवाई एसपी संदीप कुमार मीना ने की। उन्होंने थानाध्यक्षों को पुलिस संबंधी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा। राजस्व मामलों में राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
खलीलाबाद में 63 प्रार्थना पत्र, छह का निस्तारण
खलीलाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश ने की। यहां कुल 63 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें छह मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया।
एडीएम ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर जांच की जाए और संबंधित पक्षों की बात सुनने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पुलिस से जुड़े मामलों की सुनवाई अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम खलीलाबाद हृदयराम तिवारी, क्षेत्राधिकारी सदर प्रियम राजशेखर पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी, राजस्व कर्मचारी और लेखपाल मौजूद रहे।
धनघटा में 39 शिकायतें, 10 का तत्काल समाधान
धनघटा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने की। यहां फरियादियों की ओर से कुल 39 प्रार्थना पत्र दिए गए, जिनमें 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया।
सीडीओ ने भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, वरासत और खतौनी में त्रुटि से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को स्थलीय जांच के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों पक्षों की बात सुनकर नियमानुसार शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
कार्यक्रम में एसडीएम धनघटा वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता, सीओ धनघटा अभय मिश्रा, तहसीलदार प्रतिमा मौर्या, नायब तहसीलदार राजेश कुमार सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।