खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

समाधान दिवस के बाद किसानों को मिले निःशुल्क बीज मिनीकिट

शेयर

मेंहदावल। संपूर्ण समाधान दिवस के समापन के बाद जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने तहसील परिसर में मौजूद पंजीकृत किसानों को दलहन एवं तिलहन फसलों के निःशुल्क बीज मिनीकिट वितरित किए। इस अवसर पर किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और उनके लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।

जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से किसानों को दलहन और तिलहन की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निःशुल्क बीज मिनीकिट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए किसान कृषि विभाग की वेबसाइट के माध्यम से बीज की बुकिंग करते हैं, जिसके बाद ई-लॉटरी के जरिए लाभार्थियों का चयन किया जाता है।

उन्होंने बताया कि किसान 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं, सरसों, चना, मटर और मसूर के बीज भी विभागीय पोर्टल पर बुक कर सकते हैं। वर्तमान में निःशुल्क बीज मिनीकिट के तहत केवल सरसों के बीज की बुकिंग उपलब्ध है।

जिला कृषि अधिकारी के अनुसार अन्य फसलों के मिनीकिट की बुकिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थी किसानों का चयन भी किया जा चुका है। चयनित किसानों को राजकीय बीज भंडार के माध्यम से बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

Trending News