सीसीटीएनएस ट्रेनिंग पूरी, एसपी ने आरक्षियों को दिए प्रशस्ति पत्र
शेयर
खलीलाबाद न्यूज़- पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ने और विवेचनाओं को अधिक व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आयोजित सात दिवसीय सीसीटीएनएस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाले आरक्षियों को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस कार्यालय में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर एसपी ने कहा कि सीसीटीएनएस का सही तरीके से इस्तेमाल होने से पुलिस रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में व्यवस्थित रखने के साथ ही विवेचनाओं से जुड़ी जानकारी को समय पर अपडेट करने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों से सीसीटीएनएस के विभिन्न मॉड्यूल का प्रभावी उपयोग करने और जरूरी सूचनाओं की फीडिंग में सटीकता बरतने को कहा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यह प्रशिक्षण 8 से 14 सितंबर तक आयोजित किया गया। इसमें जिले के सभी थानों से दो-दो आरक्षियों को शामिल किया गया था। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को सीसीटीएनएस पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूल और सेवाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में IIF Forms, जीडी, एफआईआर, सीडी, सीएस, एफआर और डेटाबेस सर्विस से संबंधित रिकॉर्ड तैयार करने एवं ऑनलाइन फीडिंग की प्रक्रिया समझाई गई। डीसी अहमद रजा ने पुलिसकर्मियों को अभिलेखों और विवेचना से संबंधित जानकारी को सही, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से दर्ज करने की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, तकनीकी और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।