सेब की आड़ में शराब तस्करी, 220 पेटी बरामद; दो गिरफ्तार
शेयर
सेब की आड़ में शराब तस्करी, 220 पेटी बरामद; दो गिरफ्तार
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मगहर हाईवे पर डीघा बाईपास के पास एक डीसीएम ट्रक से 220 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। ट्रक में 115 पेटी सेब भी लदे थे।
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में 4,608 बोतलें थीं, जिनकी कुल मात्रा करीब 1,964.88 लीटर है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, 800 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही डीसीएम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीगढ़ निवासी आकाश कुमार जाटव और बिहार के सिवान निवासी अनुप चौहान के रूप में हुई है।
सिलीगुड़ी पहुंचाने का मिला था प्रस्ताव
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें सेब और शराब लदी डीसीएम सिलीगुड़ी पहुंचाने के बदले किराया देने का प्रस्ताव मिला था। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में यादव जी और बुलट यादव नाम से सामने आए व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। उनकी भूमिका की जांच जारी है।
इस संबंध में कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 954/2026 के तहत उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम के लिए 25 हजार रुपये पुरस्कार की घोषणा भी की गई है।