1 से 15 जुलाई तक चलेगा ‘मिशन सेफ फ्यूचर’, स्कूली वाहनों की होगी सघन जांच
शेयर
संतकबीरनगर। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में 1 जुलाई से 15 जुलाई तक ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्कूलों में संचालित सभी वाहनों की फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जाएगी।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रियंवदा सिंह ने बताया कि अभियान के पहले चरण में विद्यालय प्रबंधन को नोटिस, व्यक्तिगत संपर्क और फोन के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। सभी स्कूलों से 7 जुलाई तक अपने वाहनों की फिटनेस और वैध परमिट सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
उन्होंने बताया कि इस दौरान अभिभावकों को भी जागरूक किया जाएगा, ताकि वे अपने बच्चों के स्कूल वाहन की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी रखें और नियमों के पालन के प्रति सतर्क रहें।
अभियान के दूसरे चरण में 8 जुलाई से 15 जुलाई तक परिवहन विभाग, पुलिस, यातायात पुलिस और शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाएंगे। बिना फिटनेस, बिना परमिट या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान, सीज और अन्य नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नियमों के विपरीत स्कूली बच्चों का परिवहन कर रहे निजी वाहनों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
एआरटीओ ने कहा कि जो वाहन सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरेंगे, उन्हें वैध फिटनेस और परमिट मिलने तक संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। लगातार नियमों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों की सूचना जिला प्रशासन के माध्यम से शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जा सके।