खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

13 साल से अधूरा शिवबखरी सीएचसी अब दिसंबर में होगा शुरू

शेयर

धनघटा। करीब 13 वर्षों से अधूरे पड़े शिवबखरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के दिन अब बहुरने की उम्मीद है। बुधवार को उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने निर्माणाधीन सीएचसी का निरीक्षण कर अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने दिसंबर 2026 तक निर्माण पूरा कर अस्पताल का संचालन शुरू कराने की बात कही।

शिवबखरी में सीएचसी का निर्माण लंबे समय से अधूरा रहने के कारण आसपास के ग्रामीणों को इलाज के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। अब निर्माण पूरा होने की घोषणा से क्षेत्र के लोगों में स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को अधूरे कार्य को पूरा कराने के निर्देश दिए। शासन की ओर से सीएचसी को आवश्यक सुविधाओं से लैस कर दिसंबर तक संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत टीबी मरीजों को पोषण पोटली और पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। रक्तदाताओं को भी सम्मानित किया गया।

धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान ने सीएचसी का निर्माण पूरा कराने की घोषणा पर उपमुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

शिवबखरी सीएचसी के निर्माण को लेकर पहले भी काम आगे बढ़ाने की कवायद हुई है। जनवरी 2026 में इसके निर्माण में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी एसआईटी जांच की खबर सामने आई थी।

अब दिसंबर की तय समयसीमा पर सीएचसी का संचालन शुरू होता है या नहीं, इस पर क्षेत्र के लोगों की नजर रहेगी।

Trending News