खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

राष्ट्रीय लोक अदालत में 27,315 मामलों का निस्तारण, 3.42 करोड़ रुपये की ऋण वसूली

शेयर

संतकबीरनगर। जनपद न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के त्वरित निस्तारण को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में आयोजित लोक अदालत में कुल 27,315 मामलों का निस्तारण किया गया।

संतकबीरनगर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में लंबित मामलों का निपटारा कर लोगों को राहत दी गई। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रणधीर सिंह और नोडल अधिकारी कृष्ण कुमार-पंचम के नेतृत्व में आयोजित लोक अदालत का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

लोक अदालत में बैंक और फाइनेंस कंपनियों से जुड़े 648 मामलों का निस्तारण करते हुए करीब 3 करोड़ 42 लाख 92 हजार रुपये की ऋण वसूली की गई। वहीं विभिन्न न्यायालयों में 4,310 मामलों का निपटारा हुआ। इन मामलों में 3 लाख 40 हजार 690 रुपये अर्थदंड लगाया गया, जबकि मोटर दुर्घटना से जुड़े मामलों में पीड़ितों को 2 करोड़ 18 लाख 78 हजार रुपये का प्रतिकर दिलाया गया।

इसके अलावा विभिन्न प्रशासनिक विभागों से संबंधित 22,357 मामलों का भी निस्तारण किया गया। परिवार न्यायालय, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, अपर जिला न्यायालय, सीजेएम कोर्ट समेत अलग-अलग न्यायालयों में भी बड़ी संख्या में मामलों का समाधान हुआ।

स्थायी लोक अदालत में दो मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया गया। वहीं वैवाहिक विवादों से जुड़े 20 प्री-लिटिगेशन मामलों का भी समाधान हुआ।

राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान न्यायालय परिसर में ओडीओपी स्टॉल के साथ निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, बैंककर्मी, स्वास्थ्यकर्मी, कर्मचारी, पराविधिक स्वयंसेवक और वादकारी मौजूद रहे।

Trending News