संतकबीरनगर पहुंचे डीआईजी संजीव त्यागी, अपराध नियंत्रण और भूमि विवाद निस्तारण पर दिए सख्त निर्देश
शेयर
संतकबीरनगर। बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी ने मंगलवार को संतकबीरनगर का दौरा कर जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। खलीलाबाद स्थित सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान डीआईजी ने अपराधियों के खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई में तेजी लाने और गंभीर व लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया।
डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं, विभागीय जांचों और अन्य मामलों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निपटाने के निर्देश भी दिए। पुलिस कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए यक्ष ऐप के शत-प्रतिशत उपयोग पर बल दिया गया।
भूमि विवादों के स्थायी समाधान के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, पीस कमेटी की बैठकों और सतर्क निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदमन सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।