महुली पुलिस के काम की आईजी ने की सराहना, मिशन शक्ति में बेहतर प्रदर्शन पर पुरस्कार की घोषणा
शेयर
संतकबीरनगर। बस्ती रेंज के पुलिस महानिरीक्षक संजीव त्यागी ने मंगलवार को महुली थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। आईजी के थाने पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें गॉड ऑफ ऑनर दिया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई और साज-सज्जा के साथ मेस भवन की व्यवस्था देखकर आईजी ने थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय की सराहना की।
आईजी ने मिशन शक्ति, साइबर सेल, कार्यालय और कंप्यूटर सेल का भी निरीक्षण किया। मिशन शक्ति की प्रभारी हेड कांस्टेबल पुष्पा से महिला अपराध और अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई।
पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक महिला अपराध से संबंधित 260 मामले सामने आए, जिनमें करीब 90 मामले पारिवारिक विवाद से जुड़े थे। ऐसे मामलों में काउंसिलिंग के जरिए कई परिवारों में समझौता कराया गया। पुलिस की ओर से बताया गया कि संबंधित परिवारों की समय-समय पर जानकारी भी ली जाती है।
निरीक्षण के दौरान एक युवती से छेड़खानी के मामले में बार-बार वारदात करने वाले आरोपी के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जानकारी भी आईजी को दी गई। इस कार्रवाई और मिशन शक्ति के बेहतर अनुपालन को देखते हुए आईजी ने महुली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने के लिए पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया।
साइबर सेल की समीक्षा के दौरान क्रेडिट कार्ड से जुड़े आर्थिक अपराधों के निस्तारण में आने वाली दिक्कतों पर भी चर्चा हुई। आईजी ने ऐसे मामलों में बीएनएसएस की धारा 94 के तहत नोटिस जारी करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कार्यालय निरीक्षण में उन्होंने सभी अभिलेखों और रजिस्टरों को कंप्यूटराइज्ड करने पर जोर दिया। जिन अभिलेखों के लिए सॉफ्टवेयर में व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, उनकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
वहीं, विवेचनाओं की निगरानी को लेकर एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि सप्ताह में एक दिन ‘वादी दिवस’ के रूप में निर्धारित किया गया है। इस दिन विवेचक वादियों को उनके मुकदमे की विवेचना की प्रगति की जानकारी देंगे। इसकी निगरानी के लिए पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील सिंह, सीओ अभय नाथ मिश्रा समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।