90 किलो महुआ लहन नष्ट, चार लीटर कच्ची शराब बरामद
शेयर
संतकबीरनगर। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने बेलहर कला थाना क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश प्रयागराज और जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 मेंहदावल बसंत प्रसाद के नेतृत्व में टीम ने ग्राम भिड़ौरा पिकौरा समेत आसपास के इलाकों में दबिश दी। इस दौरान मौके पर करीब 90 किलोग्राम महुआ लहन मिला, जिसे टीम ने नष्ट करा दिया। वहीं तलाशी के दौरान चार लीटर कच्ची शराब भी बरामद की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार, अवैध शराब से जुड़े मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। कार्रवाई के बाद अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।