हत्या के मामले में 24 घंटे के भीतर वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद
शेयर
संतकबीरनगर। बेलहरकला थाना पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार और नुकीली परखी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामदास गुप्ता पुत्र हरीराम गुप्ता, निवासी जंगल दशहर, थाना बेलहरकला के रूप में हुई है। उसे जंगल दशहर मोड़, ग्राम पिपरी के पास से गिरफ्तार किया गया।
बताया गया कि 15 सितंबर 2026 को मंजू देवी पत्नी स्वर्गीय राजू निवासी जंगल दशहर ने पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर रामदास गुप्ता ने राजू के पेट में नुकीले धारदार हथियार से कई वार किए। गंभीर हालत में राजू को एंबुलेंस से सीएचसी मेंहदावल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में थाना बेलहरकला पुलिस ने मु0अ0सं0 278/2026, धारा 103(1) बीएनएस एवं 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि राजू की पत्नी मंजू और उसके भाई महेन्द्र के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर 15 सितंबर की शाम राजू, मंजू और रामदास के बीच विवाद और मारपीट हुई। आरोपी के अनुसार, इसी दौरान उसने अनाज निकालने वाली नुकीली धारदार परखी से राजू के सीने और पेट पर कई वार कर दिए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।