30 लाख के 131 गुम मोबाइल बरामद, संतकबीरनगर पुलिस ने लौटाई लोगों की मुस्कान
शेयर
संतकबीरनगर। जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को खोजने के लिए चलाए जा रहे अभियान में संतकबीरनगर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सर्विलांस सेल और अलग-अलग थानों की पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 131 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है।
मोबाइल बरामद होने की सूचना जब उनके मालिकों तक पहुंची तो लंबे समय से खोया सामान वापस मिलने की खुशी उनके चेहरों पर साफ नजर आई। पुलिस के अनुसार बरामद किए गए मोबाइल संतकबीरनगर के अलावा लखनऊ, बेंगलुरु, बिहार और देश के दूसरे हिस्सों से भी ट्रेस किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के मुताबिक इस कार्रवाई में सर्विलांस सेल ने तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल किया। CEIR पोर्टल, CCTNS, IMEI नंबर और सिम से जुड़ी जानकारी के आधार पर मोबाइलों की लोकेशन और इस्तेमाल की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद संबंधित स्थानों की पुलिस से संपर्क कर मोबाइल बरामद किए गए।
मोबाइल बरामदगी में अलग-अलग थानों के पुलिसकर्मियों ने भी अहम भूमिका निभाई। कोतवाली खलीलाबाद से 29, महुली से 26, दुधारा से 18, बेलहरकला से 18, एएचटी थाना से 15, मेंहदावल और बखिरा से 10-10 समेत अन्य थानों से भी मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने बरामदगी अभियान में शामिल टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में CEIR पोर्टल पर शिकायत जरूर दर्ज कराएं और IMEI नंबर सुरक्षित रखें। इससे मोबाइल को ब्लॉक कराने और उसकी तलाश में पुलिस को मदद मिल सकती है।