नयन खुले तो गूंज उठा ‘गणपति बप्पा मोरया’, भक्ति में डूबा खलीलाबाद
शेयर
खलीलाबाद न्यूज़। गणेश उत्सव को लेकर जिलेभर में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह देखने को मिला। बुधवार की रात शहर से लेकर गांव तक विभिन्न स्थानों पर स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना के बाद नयन पट खोले गए। प्रतिमाओं के दर्शन होते ही पंडालों में श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और माहौल भक्तिमय हो गया।
खलीलाबाद के गोला बाजार स्थित शिव मंदिर परिसर में राजेंद्र जायसवाल की ओर से गणेश प्रतिमा स्थापित कराई गई है। यहां पंडित विकास मालवीय ने विधि-विधान से पूजन कराया। पूजा के बाद नयन पट खोले गए, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन किए। इस दौरान युवा समाजसेवी पवन सैनी सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।
पंडित विकास मालवीय ने कहा कि गणेश उत्सव श्रद्धा और आस्था का पर्व है। भगवान गणेश की आराधना से भक्त सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हैं। वहीं पवन सैनी ने सभी के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए लोगों से पर्व को शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
मुखलिसपुर तिराहा स्थित पंडाल में भी आकाश कुमार की ओर से भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां पूजा-अर्चना के बाद नयन पट खोले गए। प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी और गणपति बप्पा के जयकारे लगाए गए।
दोनों पंडालों पर देर रात तक श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी रहा। पूजा-अर्चना और जयकारों के बीच गणेश उत्सव का माहौल पूरे क्षेत्र में भक्तिमय बना रहा।