अज्ञात वाहन की टक्कर से पलटी पिकअप, चालक की दबकर मौत; एक युवक घायल
शेयर
संतकबीरनगर। खलीलाबाद बाईपास के पास बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवक घायल हो गया। हादसा बस्ती-गोरखपुर मार्ग पर हुआ, जहां चावल से लदी मिनी पिकअप को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
दुधारा थाना क्षेत्र के कोहरियावां गांव निवासी मो. आरिफ उर्फ ललऊ अपने परिचित रामसुभग निषाद के साथ बुधवार को गोरखपुर गए थे। दोनों पिपरा हसनपुर स्थित आरिफ की नानी के घर से महेंद्रा पिकअप में चावल लेकर गए थे। चावल बेचने के बाद दोनों देर रात गोरखपुर से वापस लौट रहे थे।
बताया गया कि रात करीब 11 बजे खलीलाबाद बाईपास के पास उनकी पिकअप को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप पलट गई और आरिफ उसके नीचे दब गए। वहीं रामसुभग भी घायल हो गए।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मो. आरिफ को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामसुभग का प्राथमिक उपचार किया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इंस्पेक्टर जय प्रकाश दूबे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।