सड़क हादसों पर रोक की मांग, युवाओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
शेयर
संतकबीरनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नेदुला चौराहे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर शुक्रवार को युवाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने चौराहे पर नियमित यातायात पुलिस की तैनाती, हाईवे के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनवाने और डिवाइडर पर उगी झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की। इसके साथ ही यातायात लाइट लगाने और सड़क किनारे रेडियम स्टीकर लगवाने का भी सुझाव दिया गया।
युवाओं ने दुर्घटनाओं पर स्थायी रूप से अंकुश लगाने के लिए नेदुला चौराहे पर अंडरपास निर्माण की मांग भी रखी। प्रतिनिधिमंडल ने शहर के मुखलिसपुर चौक से रेलवे अंडरपास तक जाने वाले मार्ग की स्थिति का भी अधिकारियों के समक्ष मुद्दा उठाया। रेलवे क्रॉसिंग के अंडरपास से जुड़े सर्विस रोड की जांच और आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की गई।
इसके अलावा शहर में संचालित टैक्सियों और ई-रिक्शा के यातायात को व्यवस्थित करने की मांग भी अधिकारियों के सामने रखी गई।
जिलाधिकारी ने नेदुला बाईपास पर सड़क सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को पत्र भेजने और स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुरक्षा उपाय कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने तथा टैक्सी संचालन को व्यवस्थित करने के लिए यातायात पुलिस और परिवहन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।